नही रहे शेर-ए-भोपाल:पूर्व मंत्री आरिफ अकील के निधन से सियासी जगत में शोक, दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
भोपाल। शेर-ए-भोपाल के नाम की ख्याति प्राप्त कर चुके पूर्व मंत्री आरिफ अकील का आज सुबह लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से राजधानी भोपाल में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके चाहने वालों का उनके घर पर तांता लगा हुआ है। आरिफ अकील के पारिवारिक लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक आज दोपहर 3:30 बजे उन्हें बड़े बाग कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया जाएगा। बता दें कि आरिफ अकील ने उत्तर विधानसभा से सात बार विधानसभा चुनाव जीता था। लक्ष्मी टाकीज की सराय में वह रोजाना जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करते थे। उन्हें लोगो ने शेर ए भोपाल की उपाधि से नवाजा था।
इधर 72 वर्ष के आरिफ अकील के निधन से सियासी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। आरिफ अकील को पिछले साल हार्ट में दिक्कत हुई तब भी उनका लंबा इलाज चला था। हार्ट में ब्लॉकेज होने से गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में उनके हार्ट
की सर्जरी हुई थी। सर्जरी के बाद उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ा और बेटे आतिफ अकील कांग्रेस की टिकट पर विधायक चुनकर आए।
दर्द की शिकायत के बाद हॉस्पिटल में किया था भर्ती
विधायक बेटे आतिफ अकील ने बताया कि दर्द की शिकायत के बाद उन्हें रविवार शाम भोपाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बता दें कि आरिफ अकील भोपाल उत्तर सीट से लगातार सात बार विधायक चुने गए थे। आरिफ अकील को लोग प्यार से शेर ए भोपाल बुलाते थे। इसकी वजह थी भोपाल उत्तर सीट पर उनका दबदबा। दो दशक से ज़्यादा समय तक भारतीय जनता पार्टी हर संभव प्रयास के बावजूद इस सीट पर उन्हें हरा नहीं पाई।
सियासी जगत में शोक की लहर
आरिफ अकील के निधन पर सियासी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। मध्य प्रदेश के तमाम दिग्गजों ने उनके निधन पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने अकील को श्रद्धांजलि अर्पित की है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने लिखा कि हमें बेहद दुख है, मेरे मित्र व भाई आरिफ़ अकील का आज निधन हो गया। युवक कांग्रेस से ले कर आज तक हमारा लगभग 40 वर्षों का भाई समान पारिवारिक संबंध रहा। अल्लाह ताला से हम दुआ करते हैं उन्हें जन्नत अता फ़रमाएँ
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लिखा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री आरिफ अकील जी का निधन अत्यंत दुःखद है। आदरणीय अकील साहब का सम्पूर्ण जीवन समाज सेवा हेतु समर्पित रहा और वे सदैव लोकप्रिय नेता रहे। आपका निधन अपूर्णीय क्षति है।